सिरसा। लघु सचिवालय पर सोमवार को आशा वर्कर्स प्रदर्शन करेगी। जिले में चल रहे एसआईआर कार्य में बीएलओ के साथ ड्यूटी लगाने पर आशा वर्कर्स अपना विरोध जता रही है।
यूनियन की जिला प्रधान दर्शना, शिमला, मीनाक्षी, उषा, रेखा ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रशासन की ओर से एसआईआर कार्य में बीएलओ के साथ जबरन आशा वर्कर्स की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि बीएलओ के साथ आशा वर्कर यह ड्यूटी नहीं कर सकती, क्योंकि आशा वर्कर्स सरकारी कर्मचारी नहीं है।
आशा वर्कर्स एक वालंटियर के पद पर काम करती है, जो विभाग का काम करती हैं, उसका हमें इंसेंटिव मिलता है। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर्स को कोई फिक्स वेतन नहीं मिलता, इसलिए हम यह काम नहीं नहीं कर सकती। जिला प्रधान दर्शना ने कहा कि इससे पूर्व भी सरकार व प्रशासन की ओर से ऐसे कार्यों में आशा वर्कर्स की ड्यूटियां लगाई गई हैं, जोकि उनके हैं ही नहीं।
सरकार व प्रशासन जबरन ऐसे कार्य उनपर थोप कर उनका मानसिक व शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर्स यूनियन ऐसे किसी फरमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। इसी के विरोध में 22 जून को लघु सचिवालय सिरसा में प्रदर्शन कर प्रशासन को जगाने का काम किया जाएगा। उन्होंने जिलेभर की आशा वर्कर्स से आह्वान किया कि वे तय समय पर पहुंचकर अपने हकों की आवाज को बुलंद करें।