सीएचसी में प्रदर्शन करती आशा वर्कर।
ऑनलाइन कार्य का दबाव हटाने की मांग भी उठाई
फोटो 11
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। नाथूसरी चोपटा क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने वीरवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपटा में प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑनलाइन कार्य का दबाव हटाने और लंबित भुगतान जारी करने की मांग की। आशा वर्कर यूनियन हरियाणा के बैनर तले यह प्रदर्शन आयोजित हुआ।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व प्रधान कलावती माखोसरानी और उपप्रधान रेखा डिंग ने किया। कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेखा और डॉ. संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय निर्धारित समय पर जारी करने की मांग की।
मार्च-अप्रैल माह में छह आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय जारी नहीं हुआ। जननी सुरक्षा योजना के तहत चोपटा क्षेत्र का भुगतान भी लंबित है। आशा कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक स्तर की कमेटी की बैठक प्रत्येक तीन माह में आयोजित करने के लिए कहा।
आशा कार्यकर्ताओं ने एएनसी और स्क्रीनिंग शिविर नियमित लगाने की भी मांग की। गर्भवती महिलाओं की सभी आवश्यक जांच सीएचसी और पीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाए।
ऑनलाइन कार्य और अन्य मुद्दे
आशा कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन कार्यों का अतिरिक्त दबाव हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य कार्य मां और शिशु की देखभाल तक सीमित रहे। टीबी मरीजों के सैंपल जमा करवाने, एनसीडी स्क्रीनिंग और पिंक रजिस्ट्रेशन जैसे तकनीकी कार्यों का अनावश्यक दबाव न बनाया जाए। डिलीवरी या गर्भपात से जुड़े मामलों में आशा कार्यकर्ता को जिम्मेदार न ठहराया जाए। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।