संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कायाकल्प योजना के तहत जिला नागरिक अस्पताल सहित 58 स्वास्थ्य केंद्रों को शामिल किया गया है। जिलास्तरीय टीमों ने दो बार व्यवस्थाएं जांचकर 70 से अधिक अंक दिए हैं। इसका मतलब इन केंद्रों में व्यवस्थाएं पुख्ता हैं। अब इसकी हकीकत जानने के लिए राज्यस्तरीय टीमें स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचेंगी। इसके बाद राज्य व जिलास्तर में प्रथम आए स्वास्थ्य केंद्रों को विभाग की ओर से इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ओर से हर वर्ष कायाकल्प योजना के लिए भी जिलों के नागरिक अस्पताल, उपमंडल अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और सब सेंटरों का चयन किया जाता है। चयन के बाद टीम अलग-अलग केंद्रों का दो बार निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था जांचती है। व्यवस्था के अनुसार ही केंद्रों को 100 में से अंक दिए जाते हैं। इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग ने जिला नागरिक अस्पताल, ऐलनाबाद और रानियां के उपमंडल अस्पताल, छह सीएचसी, 16 पीएचसी और 33 सब सेंटरों को कायाकल्प योजना में शामिल किया गया है। जिला स्तरीय टीम इन सभी सेंटरों का दो बार निरीक्षण भी कर चुकी है। सभी सेंटरों को 70 से अधिक अंक दिए गए हैं और अपनी रिपोर्ट मुख्यालय में भेजी दी है। ऐसे में अब प्रदेशस्तरीय टीमें दो बार इन स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचेंगी और व्यवस्था की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
इन केंद्रों का किया गया है चयन
अस्पताल : सिरसा, डबवाली, ऐलनाबाद
सीएचसी : कालांवाली, रानियां, नाथूसरी चोपटा, बडागुढ़ा, ओढां, माधोसिंघाना।
पीएचसी : केहरवाला, पनिहारी, पन्नीवाला मोटा, डिंग, कागदाना, रोड़ी, धोतड़, जमाल, बनसुधार, दादू, जगमालवाली, मलेका, दड़बी, भावदीन, बणी, खारिया, गंगा, दड़बा कलां।
सब सेंटर : देसूमलकाना, सिंघपुरा, गुडियाखेड़ा, मिठनपूरा, पंजुआना, केहरवाला, नेजाडेला कलां, लूदेसर, शाहपुरिया, रामपुरा ढिल्लो, नेजिया, मलड़ी, गांव डबवाली, हिमायुखेड़ा, चक्का, रिसालियाखेड़ा, कंवरपुरा, लहंगेवाला, करीवाला, गुसाइयां, बिज्जुवाली, खुहवाली, रघुआना, साहुवाला प्रथम, धिंगतानियां, कोटली, फरवाई कलां, शेरपुरा, खारी सुरेरा, जीवननगर, हरचंद का बास, पन्नीवाला मोरिका, कंगनपुर।
बीते वर्ष से साढ़े तीन गुना तक अधिक केंद्रों को कायाकल्प में किए शामिल
स्वास्थ्य विभाग ने बीते वर्ष जिले के कुल 16 स्वास्थ्य केंद्रों को ही कायाकल्प योजना में शामिल किया था। इसके बाद विभाग ने पनिहारी एमओ डॉ. अमनदीप सिंह को जिला एनक्वास टीम का इंचार्ज बनाया। इन्होंने अब अपने स्तर पर शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में भी व्यवस्था बनाने को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर योजना में शामिल किया। जिला स्तर व राज्य स्तर पर केंद्रों प्रथम स्थान पर आते हैं तो उन्हें विभाग की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।
वर्जन
कायाकल्य योजना के तहत जिले के नागरिक अस्पताल सहित 58 केंद्रों का चयन किया गया है। प्रथम चरण में सभी केंद्रों को हरी झंडी मिल गई है। इसके बाद अब राज्य स्तरीय टीमें इन केंद्रों का निरीक्षण करेंगी और स्थिति जांचेंगी। उसमें केंद्र पास होते है तो विभाग की अंतिम टीम निरीक्षण के लिए पहुंचेगी। - डॉ. महेंद्र कुमार भादू, सिविल सर्जन, सिरसा।