डबवाली। डबवाली-पंजाब सीमा पर एफसीआई गोदाम के पास स्थित रेलवे अंडरपास में मंगलवार रात हथियारबंद बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने वहां से गुजर रहे रसोइये कमल की स्कूटी पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। कमल के शोर मचाने और मजदूरों के मौके पर पहुंचने से आरोपी भाग हो गए। घटना के संबंध में पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।
पीड़ित कमल डबवाली अनाज मंडी के आढ़ती जवाहर कामरा के यहां रसोइये का काम करता है। मंगलवार को जवाहर कामरा के भाई कनैंडी कामरा का नियमित रसोइया छुट्टी पर था। इस कारण कमल एमपी कॉलेज के पास स्थित उनके घर खाना बनाने गया था। रात करीब आठ बजे काम निपटाकर लौटते समय रामबाग रेलवे फाटक बंद मिला।
इसके बाद कमल ने पंजाब सीमा से शुरू होने वाली भाटी कॉलोनी के पास स्थित रेलवे अंडरपास से निकलने का फैसला किया। अंडरपास के बीच पहुंचते ही उसे मुंह ढंके कुछ संदिग्ध लोग तेजधार हथियारों के साथ खड़े दिखाई दिए। बदमाशों ने उसकी स्कूटी पर वार कर दिया। कमल ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे कुछ मजदूर मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
घटना से आढ़तियों, दुकानदारों और मजदूरों में रोष है। लोगों का कहना है कि अंडरपास से रोजाना बड़ी संख्या में राहगीर गुजरते हैं। सुनसान रास्ता होने से असामाजिक तत्व इसका फायदा उठाते हैं। शहरवासियों ने पंजाब, हरियाणा और रेलवे पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त शुरू करने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।