सिरसा। शहर की अनाज मंडी स्थित आढ़ती से धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आढ़ती ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर-87बी मैसर्ज लाज ट्रेडिंग कंपनी के संचालक मुकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया है। एक व्यक्ति ने अपने आप को जोधपुरिया निवासी रामकुमार सहरण बताया और उनसे कहा कि वह कई बार उनकी दुकान पर फसल बेचने के लिए आया हुआ है। इस पर उसने 3 जनवरी को ट्रैक्टर खराब होने का बहाना बनाकर 2800 रुपये ले लिए जबकि दूसरी ओर बेटी का एक्सीडेंट होने का हवाला देते हुए 4 जनवरी को 15 हजार रुपये मांगे। इतना ही नहीं 5 जनवरी को दो लाख रुपये मांगे। इतना ही नहीं एक बार फिर 18 जनवरी को फोन कर 20 हजार रुपये मांगे। जब शक हुआ तो जांच की। खुलासा हुआ कि गांव जोधपुरिया में इस नाम का कोई व्यक्ति है ही नहीं। अब शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुुरू की है।
ये है पूरा मामला
-3 जनवरी को एक व्यक्ति का फोन आया और उसने स्वयं को जोधपुरिया निवासी रामकुमार सहारण बताया। उसने बताया कि वह कई बार अपनी फसल उनकी दुकान पर बेचकर गया है। उसे 2800 रुपये की सख्त जरूरत है। उसका भतीजा वाल्मीकि चौक पर है। उसका ट्रैक्टर खराब हो गया है। वह जल्द ही उधार चुका देगा, उसने अपनी फसल भी अभी बेचनी है। उसने इंसानियत के मद्देनजर मुनीम रामचंद के हाथ पैसे भिजवा दिए।
-4 जनवरी को फिर से उसका फोन आया कि उसकी बेटी का हुडा चौक पर एक्सीडेंट हो गया है। अस्पताल में दाखिल करवाने के लिए 15 हजार रुपये की जरूरत है। दुकान पर न होने और पैसे न होने की बात कहने पर वह गिड़गिड़ाया तो उसने अपने मुनीम से 6 हजार रुपये दिलवा दिए।
-आरोपी एक बार फिर 5 जनवरी को आढ़ती की अनुपस्थिति में दुकान पर आया और फोन करके कहा कि उसकी बेटी का ऑपरेशन होना है और उसे 2 लाख रुपये की जरूरत है। उसने बताया कि ट्रॉलियां माल से भरी हुई है, उन्हें मंडी लाकर वह कर्जा चुका देगा। भरोसा दिलाने के लिए उसने ट्रालियों की फोटो भी भेजी। कहा कि बेटी के इलाज की वजह से वह मंडी में माल नहीं ला पा रहा। इतनी राशि एकमुश्त उपलब्ध न होने की बात कहने पर उसने 2-4 दिनों में पेटीएम के माध्यम से पैसे देने के लिए कहा। उस पर विश्वास करके उसने यह राशि पेटीएम के माध्यम से दी।
-18 जनवरी को आरोपी ने फिर फोन किया और कहा कि बेटी को अस्पताल से डिस्चार्ज करवाना है, इसलिए 20 हजार रुपये चाहिए। उसका भतीजा दुकान पर आ रहा है। लगभग दो बजे एक युवक दुकान पर आया और पैसे का तकाजा किया, जब माल के लिए पूछा तो कहने लगा कि चाचा लेकर आ रहे हैं। जब फोन पर चाचा से बात करवाने को कहा तो युवक मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिली है, धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-विक्रम सिंह, शहर थाना प्रभारी, सिरसा।