सिरसा। भारत सरकार, दिव्यांगजन, सशक्तीकरण विभाग नई दिल्ली की ओर से दिव्यांग छात्रों के कल्याणार्थ प्री-मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक और टॉप क्लास के लिए छात्रवृत्ति योजना चलाई जा रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी और राज्य नोडल अधिकारी (दिव्यांगजन छात्रवृत्ति) महावीर सिंह गोदारा ने बताया कि इन छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर कर दी गई है। उन्होंने सभी संबंधित सरकारी या गैर-सरकारी या अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थानों, स्कूल और कॉलेज संचालकों से कहा है कि वे उनके संस्थानों में शिक्षा ग्रहण करने वाले दिव्यांग छात्रों से नेशनल स्काॅलरशिप पोर्टल www.scholarships.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करवाने बारे हिदायत जारी करें ताकि दिव्यांग छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
ज्यादा अपेक्षाएं रखने से जीवन में बढ़ रहा तनाव : प्रो. ईवी गिरीश
सिरसा। सी ब्लॉक स्थित ब्रह्माकुमारी सद्भावना भवन में आयोजित वाह जिंदगी वाह कार्यक्रम के दूसरे सत्र में मुंबई से आए प्रो. ईवी गिरीश ने अपने जीवन में सकारात्मक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कि आज तनाव का मुख्य कारण आर्थिक समस्याएं, बच्चों के कारण, परिवार के सदस्यों के कारण हैं, क्योंकि आज हम अपने संबंधों में अपेक्षाएं ज्यादा रखते हैं।
उन्होंने कहा कि कोई अपने बच्चों का या किसी का भी भाग्य नहीं बदल सकता, लेकिन हम अच्छा वातावरण देकर उनका भाग्य बनाने में सहयोग दे सकते हैं। उदाहरण के रूप में उन्होंने कहा कि जैसे हम चहारदीवारी के घर में अंदर अगरबत्ती जला कर पर्यावरण को बदल सकते हैं। वैसे ही हम नकारात्मकता में भी अपने गुण सुख, शांति और शक्ति को भरकर नकारात्मकता को सकारात्मकता में परिवर्तित कर सकते हैं। अंत में उन्होंने विशेष सुख, शांति और शक्ति को भरने के लिए अपने को आत्मा समझ परमात्मा से संबंध जोड़ने के बारे में ज्ञान दिया। इस दौरान समाजसेवी संस्थाओं श्री पंचमुखी बालाजी गोधाम, योग आयाम हरियाणा, स्व: संत लाल चमड़ीया मेमोरियल ट्रस्ट सिरसा, मां शक्ति दुर्गा मंदिर खैरपुर व भारत विकास परिषद सिरसा व शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।