संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय में 23 व 24 अक्तूबर को 67वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जनसंपर्क अधिकारी डाॅ. हरविंदर सिंह ने बताया कि 23 अक्तूबर को खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में भारतीय महिला हॉकी टीम की उप-कप्तान, भीम अवाॅर्डी एवं ओलम्पियन नवनीत कौर मुख्य अतिथि होंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम की सेंटर फॉरवर्ड खिलाड़ी नवनीत कौर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जिला कुरुक्षेत्र की महिला यूथ आईकॉन भी रह चुकी हैं। प्राचार्य डाॅ. संदीप गोयल की अध्यक्षता व शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव डाॅ. बलदेव सिंह के संयोजन में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए विभिन्न समितियों का गठन करते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेलकूद प्रतियोगिता के 24 अक्तूबर को समापन सत्र में वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव जैन मुख्य अतिथि व राजकीय महिला महाविद्यालय रतिया के सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं प्रख्यात मनोवैज्ञानिक डाॅ. रविंद्र पुरी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। आयोजन सचिव डा. बलदेव सिंह ने कहा है कि दो दिनों में सभी स्पर्धाएं संपन्न करवाना मुमकिन नहीं होता, इसलिए पुरुष वर्ग की दस किलोमीटर व पांच किलोमीटर एवं महिला वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ की स्पर्धाएं आयोजित कर ली गई हैं।
10 किमी. दौड़ में संदीप बने सबसे तेज धावक
पुरुष वर्ग की दस किलोमीटर दौड़ में बीए प्रथम वर्ष के छात्र संदीप, बीए तृतीय वर्ष के अनिल, बीए द्वितीय वर्ष के अजय सिंह क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहे। पांच किलोमीटर दौड़ में संदीप, अनिल, बीए प्रथम वर्ष के रोहित सचदेवा व महिला वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा आशा, बीए द्वितीय वर्ष की सरिता, बीए प्रथम वर्ष की ओम शांति ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान अर्जित किया है। प्रतियोगिताओं के आधार पर सत्र 2024-25 के लिए बेस्ट एथलीट घोषित किए जाएंगे।