सिरसा। जिला परिषद के चेयरमैन कर्ण सिंह चौटाला की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्थानीय पंचायत भवन में जिला परिषद की बैठक हुई। इसमें पंचायत समितियों के वार्षिक बजट, ग्राम पंचायत विकास योजना, जिला परिषद विकास योजना की समीक्षा कर कार्ययोजना तैयार की गई। स्वास्थ्य केंद्रों के बजट, रखरखाव और मुख्य जल वितरण योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति पर चर्चा की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण और योजनाओं की जानकारी दी गई। चेयरमैन कर्ण ने कहा कि जिला परिषद के सभी सदस्यों के सहयोग और विभागों के तालमेल से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ सरलता से मिले।
इस बैठक में डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल के अलावा कोई विधायक नहीं पहुंचा। क्योंकि बैठक का संदेश दो दिन पहले ही भेजा गया था। ऐसे में कई पार्षद भी बैठक में नहीं पहुंचे। कुछ चुनिंदा पार्षदों के साथ ही बैठक कराई गई जबकि पार्षदों को उम्मीद नहीं थी कि चेयरमैन इतनी जल्द बैठक बुला लेंगे।
बैठक में जिला परिषद की उपप्रधान मीना रानी, जिला परिषद के सीईओ डाॅ. सुभाष चंद्र, कार्यकारी अभियंता गौरव भारद्वाज, एओ प्रेम कुमार सहित जिला परिषद के कई वार्डों के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।