डिंग मंडी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की सेहत सुधार से लेकर प्ले ग्रुप मॉड्यूल के तहत सरकार बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बेहद अगल है। हालात यह हैं कि आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भवन की कमी है। केंद्रों में बिजली-पानी की सुविधा तक नहीं है। ऐसे में जब आंगनबाड़ी केंद्र बदहाल हैं तो सवाल उठा रहा है कि यहां नौनिहाल कैसे पोषित होगा?
डिंग क्षेत्र के गांव मोचीवाली में पांच आंगनबाड़ी केंद्र बनाए गए हैं। संवाददाता ने वीरवार को जब इन केंद्रों को पड़ताल की तो सामने आया कि चार आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली की सुविधा ही नहीं है। ऐसे में गर्मी और सर्दी के मौसम में बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक आंगनबाड़ी केंद्र में पीने के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं है। इस कारण बच्चों को आसपास के घरों से पानी लेकर आना पड़ता है।
इसके अलावा बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से कोई कदम नहीं उठाया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन पर मुख्य गेट तक नहीं है। ऐसे में बेसहारा पशुओं का खतरा बना रहता है। गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निरमा और हेल्पर मुकेश ने बताया कि भवन की कमी के कारण दो आंगनबाड़ी केंद्रों को एक ही भवन में चलाया जा रहा है। दोनों केंद्र में कुल 84 बच्चे पंजीकृत हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण उनके पोषण और शिक्षा पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को लेकर अप्रैल 2023 में बाल विकास कार्यालय में मांग भेजी गई थी, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। बच्चों के लिए बिजली और पानी की सुविधाएं बेहद अहम है। गर्मी में बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
परिजन बोले- केंद्रों में नहीं सुविधाएं, आगे गर्मी के कैसे रहे पाएंगे बच्चे
हम अपने बच्चों को आंगनबाड़ी में भेजते हैं। यहां बिजली-पानी की कोई सुविधा है। अभी तो सर्दी थी लेकिन आगे गर्मी में बच्चे कैसे केंद्र में रहे पाएंगे। प्रशासन को इस ओर ध्यान देने चाहिए।
-बिमला देवी, परिजन।
::::::::::::::::::::
गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं ही नहीं हैं। बच्चों को पढ़ाई और पोषण की सही सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन यहां तो उनकी देखभाल भी ठीक से नहीं हो पा रही। प्रशासन को जल्द से जल्द इस पर ध्यान देना चाहिए।
-रुक्मिणी देवी, परिजन।
::::::::::::::::::::
हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्याओं का जल्द समाधान हो। अभी बिजली की सुविधा के लिए सोलर पैनल लगाने का प्लान बना रहे हैं। हमने इन आंगनबाड़ी केंद्रों में पहले से काफी सुधार किया है। जल्द ही केंद्रों में बिजली, पानी और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
- समेस्ता, सरपंच, मोचीवाली।
-
आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं को लेकर जिला परिषद को व्यवस्था बनाने के लिए पत्र लिखा हुआ है। कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाएं बेहतर बनाने को लेकर कार्य किया भी जा रहा है। इन आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्याओं का समाधान जल्द ही करवाया जाएगा।
- सुदेश कुमार, जिला बाल विकास अधिकारी