संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अगर आपको आपातकाल में एंबुलेंस सेवा चाहिए तो डायल 108 के बजाय डायल 112 पर कॉल करनी होगी। एक ही नंबर पर अब पुलिस के साथ-साथ एंबुलेंस सेवा मिलेगी। जिले की सभी 32 एंबुलेंस को डायल 112 से जोड़ दिया गया है।
मरीजों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सरकारी अस्पतालों में 32 एंबुलेंस उपलब्ध कराईं हैं। इसी सुविधा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसमें कई और नए फीचर जोड़े गए हैं। इन वाहनों के चालकों को मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) उपकरण दिए गए हैं। एमडीटी हर 30 सेकेंड बाद अपनी लोकेशन को अपडेट करेगा। एंबुलेंस कंट्रोल रूम में रोजाना जिले में 100 से 120 तक कॉल आती है। कई बार ये संख्या बढ़ भी जाती है। इससे एंबुलेंस और मरीज की लाइव लोकेशन पता चल सकेगी और मरीज को ले जाने और छोड़ने का समय नोट रहेगा जिससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
करीब एक साल पहले ट्रायल के तौर पर पांच एंबुलेंस को जोड़ा गया था लेकिन अब एक अक्तूबर से पूरी तरह से डायल 112 पर ही एंबुलेंस सेवा मिलेगी। एंबुलेंस चालकों को प्रशिक्षण के साथ एमडीटी दिए गए हैं। ये एमडीटी चालक को कॉल आने की जगह बताएगी। पूरा सिस्टम ऑनलाइन रहेगा।
एंबुलेंस सेवा को बेशक डायल 112 से जोड़ दिया गया है लेकिन डायल 108 भी फिलहाल जारी रहेगा। आपातकाल में अगर किसी को 112 के बारे में जानकारी नहीं है तो वह 108 नंबर पर कॉल करके भी फिलहाल एंबुलेंस सेवा ले सकेगा। लोगों के जागरूक होने के बाद इसे हटाया जाएगा।
-बॉक्स -
ऐसे काम करेगा डायल 112
नागरिक अस्पताल में बने एंबुलेंस कंट्रोल रूम के अधिकारियों के मुताबिक अगर किसी व्यक्ति को एंबुलेंस सेवा चाहिए, तो वह डायल 112 पर कॉल करेगा। ये कॉल मुख्यालय में जाएगी और इसके बाद वहां पर मौजूद अधिकारी कॉल करने वाले व्यक्ति और नजदीक एंबुलेंस की लोकेशन पता करेंगे। जो भी नजदीक होगा उस एंबुलेंस के एमडीटी पर अलर्ट भेजा जाएगा। एमडीटी पर कॉल करने वाले व्यक्ति की लोकेशन जाएगी। उस लोकेशन पर एंबुलेंस पहुंचेगी और संबंधित व्यक्ति को सेवा मुहैया करवाई जाएगी।
-बॉक्स
जिले के अस्पतालों में ये एंबुलेंस की स्थिति
जिले में कुल 32 एंबुलेंस हैं, जिनमें से चार एंबुलेंस नागरिक अस्पताल सिरसा में हैं। जिले की सीएचसी में आठ और सभी पीएचसी में भी 20 एंबुलेंस उपलब्ध हैं।
वेंटिलेटर सिस्टम समेत एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) सुविधा वाली सिर्फ दो एंबुलेंस हैं। बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एंबुलेंस की संख्या 11 है। मरीजों को लाने-ले जाने के लिए 19 एंबुलेंस हैं।
जिले में चालकों और ईएमटी की स्थिति
एंबुलेंस चालक - 90
एंबुलेंस पर ईएमटी - 32
-बॉक्स
मुख्यालय में रहेगा पूरा नियंत्रण
एंबुलेंस के नियंत्रण के लिए नागरिक अस्पताल में कर्मचारी तैनात किए गए हैं। नियंत्रण कक्ष में कॉल आने पर यहां पर तैनात कर्मचारी निकटवर्ती एंबुलेंस को मौके पर भेजते हैं। कर्मचारियों को अनुभव रहता है कि मौकास्थल पर कौन सी एंबुलेंस जल्द पहुंच सकती है लेकिन डायल 112 शुरू होने के बाद पूरा नियंत्रण मुख्यालय से रहेगा। मुख्यालय ने वैश्विक स्थान निर्धारण प्रणाली (जीपीएस) से ऑनलाइन लोकेशन जानकर संबंधित जगह पर एंबुलेंस भेजेंगे।
-कोट्स -
जिले की सभी एंबुलेंस को डायल 112 से जोड़ दिया गया है। इससे अब मरीजों को एक ही नंबर से सभी सुविधाएं मिलेंगी। लोगों को अधिक फोन नंबर नहीं याद रखने पड़ेंगे। प्रत्येक एंबुलेंस पर एमडीटी सिस्टम दिया गया है। इससे पूरा नियंत्रण रहेगा। - चेतन ग्रेवाल, बेड़ा प्रबंधक, एंबुलेंस सेवा, नागरिक अस्पताल, सिरसा।