आपातकाल के समय जेल जाने वाले भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर दास धानुका ने अपना प्रण पूरा होने पर बुधवार को 20 साल बाद अपनी दाढ़ी कटवाई। इस अवसर पर उनके परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
गौरतलब है कि भाजप नेता रामेश्वर धानुका ने आज से 20 साल पहले प्रण लिया था कि जब तक देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं आ जाती तथा आपातकाल के दौरान जेल काटने वाले लोगों को सम्मान नहीं मिलता, तब तक वे अपनी दाड़ी नहीं बनवाएंगे। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में भगत सिंह स्टेडियम में हरियाणा के मंत्री धनश्याम सराफ द्वारा ताम्रपत्र देकर रामेश्वर दास धानुका को सम्मानित किया गया। ऐसा होते ही उनका संकल्प पूरा हो गया और उन्होंने बीस साल बाद अपनी दाड़ी कटवाई। इस मौके पर भाजपा नेता पवन जाजू, हरि तलवाड़िया, विजय धानुका, राम निवास तलवाड़िया, गणेशी लाल धानुका के अलावा अन्य कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।