सिरसा। आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाने के काम के बकाया भुगतान तथा सिक्योरिटी के लिए दिए गए चेक के कथित दुरुपयोग के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी रमन शर्मा, राहुल शर्मा, सुरेंद्र सिंह निवासी भिवानी और गांव द्वारका (चरखी दादरी) निवासी दलबीर सिंह का रहने वाला है।
जांच अधिकारी रण सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता भास्कर शर्मा निवासी रानियां ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2012-13 में उसने आरोपियों से जुड़ी 4 डब्ल्यू इन्फोटेक कंपनी के साथ मिलकर सिरसा जिले में आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाने का काम किया था। उसे सुपरवाइजर नियुक्त कर 20 मशीनें दी गई थीं। उनके संचालन के लिए उसने कर्मचारियों की व्यवस्था की थी।
शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2012 से जुलाई 2013 तक करीब 1.40 लाख आधार कार्ड बनाए गए। प्रति कार्ड 12.50 रुपये के हिसाब से कुल भुगतान लगभग 17.50 लाख रुपये बनता था। इसमें से 10.50 लाख रुपये ऑपरेटरों के खातों में जमा किए गए, जबकि सात लाख रुपये बकाया रहने का आरोप है।
20 हस्ताक्षरित चेक वापस नहीं मिलने का दावा
भास्कर शर्मा के अनुसार, मशीनें लौटाते समय उसने सिक्योरिटी के तौर पर दिए गए 20 हस्ताक्षरित चेक वापस मांगे, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने चेक गुम होने की बात कही। आरोप है कि बाद में इनमें से एक चेक का इस्तेमाल कर उसके खिलाफ भिवानी की अदालत में मामला दायर कराया गया।शिकायत में वर्ष 2014 की प्रशासनिक जांच और वर्ष 2023 में डीएसपी को दी गई शिकायत का भी उल्लेख है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बकाया भुगतान नहीं किया गया और चेक का दुरुपयोग कर उसे कानूनी मामले में फंसाया गया।