सदर थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सिकंदरपुर पुल के पास पांच युवकों ने एक युवक का रास्ता रोककर मारपीट की। आरोपी उसे जबरन सफेद कार में डालकर डिंग रोड ले गए। घायल के बयान पर सदर थाना सिरसा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव मौजूखेड़ा निवासी 22 वर्षीय गुलाब सिंह ने पुलिस को बयान दिया। उसने बताया कि वह सिरसा में कमल बैटरी की दुकान पर काम करता है। तीन अक्तूबर 2026 को वह साथी लवप्रीत के साथ मोटरसाइकिल से काम पर जा रहा था।
सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर सिकंदरपुर पुल के पास पांच युवकों ने उन्हें रोका। गुरदास सिंह, पोंटी और हर्ष सहित दो अन्य साथियों ने उसे बाइक से नीचे उतारकर पीटा। इस दौरान लवप्रीत डरकर अपनी बाइक लेकर वहां से चला गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी गुलाब सिंह को जबरन कार में डिंग रोड ले गए। वहां भी उसके साथ जमकर मारपीट की गई। शोर सुनकर मौजूखेड़ा निवासी कमल सिंह ने उसे छुड़ाया और नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
गुलाब सिंह ने आरोप लगाया कि गुरदास सिंह ने पिस्टल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी रवि गर्ग ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।