एक साल से 19 साल तक के बच्चों को खिलाएं पेट की कीड़ी मारने की दवा
फोटो - 13
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस के अवसर पर नागरिक अस्पताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। सिविल सर्जन डाॅ. पवन ने कार्यक्रम की शुरुआत नागरिक अस्पताल में आए बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर की।
इस अभियान के तहत जिलेभर में 4,49,013 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई जाएंगी। इसके अलावा, 5 मई को माप अप दिवस मनाया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. पवन ने अभिभावकों को कहा कि एल्बेंडाजोल की गोली एक साल से ऊपर की उम्र का कोई भी व्यक्ति खा सकता है। इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है।
डाॅ. पवन ने बताया कि बच्चे हमारे राष्ट्र व समाज का भविष्य हैं। इसलिए उनका स्वस्थ रहना अति आवश्यक है। हरियाणा सरकार बच्चों को स्वस्थ व सुरक्षित रखने के लिए समय समय पर ऐसे अभियान चलाती है ताकि बच्चे कुपोषण व एनीमिया से ग्रस्त न हों। वे स्वस्थ रहें।
डॉ. पवन ने कहा कि ये गोलियां 1 साल से 19 साल तक के 4,49,013 बच्चों को खिलाई जाएगी। जिन बच्चों के पेट में ज्यादा कीड़े होते हैं उन्हें दवा खाने पर मिचली, चक्कर या घबराहट की दिक्कत हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
डॉ. पवन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 1 से 19 साल तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलाएं। यह चबाने वाली गोली है ताकि पेट में पलने वाले कीड़े का खत्म किया जा सके।
इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश चौधरी, उप सिविल सर्जन आशा जिंदल, उप सिविल सर्जन भारत भूषण मित्तल, नोडल अधिकारी डॉ. संजय, फार्मासिस्ट योगेश खन्ना, किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़, डीईआईसी मैनेजर डॉ. अंकुर कटारिया ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने के फायदे बताए।
कोई दिक्कत होने पर हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन करें
उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि पेट के कीड़े मारने की दवा खाने से अगर किसी बच्चे को कोई परेशानी होती है तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 नंबर पर फोन कर सम्पर्क कर सकते हैं। यह गोली जिले के सभी सरकारी स्कूल, गैर सरकारी स्कूल, प्राइवेट स्कूल, कोचिंग सेंटर, आईटीआई, सरकारी कॉलेज, प्राइवेट कॉलेज सहित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मुफ्त दी जा रही है।
राष्ट्रीय कार्यक्रम के फायदे
जिला किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़ ने बताया कि एल्बेंडाजोल गोली की मात्रा 1 से 2 साल के बच्चों के लिए आधी गोली चम्मच में पीसकर दी जानी है। 2 से 3 साल के बच्चों को पूरी गोली चम्मच में पीसकर दी जानी है। वहीं, 3 साल से 24 साल तक के बच्चों व महिलाओं को पूरी गोली चबाकर खिलाने की हिदायत दी गई है। ध्यान रहे कि यह गोली खाली पेट न खाई जाए ।
राजकीय महिला महाविद्यालय टैबलेट वितरित
फोटो 7
संंवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय महिला महाविद्यालय में मंगलवार को एल्बेंडाजोल टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीत कौर के मार्गदर्शन एवं किरण बाला के नेतृत्व में महाविद्यालय की छात्राओं को एल्बेंडाजोल टैबलेट वितरित की गई। महाविद्यालय के प्रेस प्रवक्ता डॉ. कपिल कुमार ने यह जानकारी दी।