सिरसा। अग्रसेन कॉलोनी में गली निर्माण कार्य गली वासियों के गले की फांस बन गया है। उपायुक्त के दौरे के बाद भी अग्रसेन कालोनी की 1600 फुट गली निर्माण का काम सिरे नहीं चढ़ पा रहा। ठेकेदार कभी गली निर्माण में कम सामग्री डाल रहा है तो कभी दूसरी गलियों को ऊंचा उठा लेवल में गड़बड़ी कर रहा है। जिससे परेशान होकर गली वासियों ने वीरवार को गली निर्माण कार्य ही रुकवा दिया। हालांकि बुधवार को उपायुक्त अनीश यादव और अन्य पांच विभागों के अधिकारियों ने गली का निरीक्षण कर ठेकेदार को गली निर्माण में लेवल ठीक करने के आदेश दिए थे।
अग्रसेन कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी और गली की स्थिति खराब होने के बाद उपायुक्त ने गली का निर्माण कार्य करने के आदेश दिए थे। इसके पश्चात ही नगर परिषद ने गली का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। ऐसे में वीरवार को अग्रसेन कॉलोनी की साथ लगती मुख्य रोड की गली का लेवल भी अग्रसेन कॉलोनी की गली में कर दिया और दूसरी गली को तीन फुट तक ऊंचा उठा दिया। जिससे रोषित होकर गली वासियों ने नगर परिषद एसडीओ श्रवण को शिकायत की और गली का काम बंद करवा दिया।
वहीं गली वासियों ने ठेकेदार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार जानबूझकर गली की स्थिति खराब करने पर तुला हुआ है। कभी गली में निर्माण सामग्री कम डाल रहा है तो कभी दूसरी गलियों के पानी की निकासी का लेवल अग्रसेन कॉलोनी वाली गली में कर रहा है। जबकि पहले ही गली रोड से नीचे होने के कारण रोड का सारा बारिश का पानी गली में पहुंचता है और लोगों के घरों में जा हो जाता है। वहीं कॉलोनी वासी सतपाल शर्मा, दिकेश मोंगा, सुशील कुमार, डॉ. योगराज, अश्वनी खन्ना, संदीप गर्ग ने बताया कि पहले ही गली रोड से काफी नीचे होने के कारण गली में पानी की निकासी नहीं हो पाती। अब गली का निर्माण कार्य किया जा रहा है उसमें भी लापरवाही बरती जा रही है। कॉलोनी की कई अन्य गलियों पहले ही लेवल के मामले में नीची और ऊंची है जिसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और अब नई गलियों में भी इस तरह की लापरवाही देखने को मिल रही है।
24 घंटे पहले ही उपायुक्त ने गली का लेवल सही रखने के दिए थे आदेश
बुधवार को उपायुक्त अनीश यादव और अन्य विभागों के अधिकारियों ने गली के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। जिसके पश्चात गली वासियों ने लेवल को लेकर शिकायत दी थी। इसके पश्चात उपायुक्त ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को गली निर्माण में कोई कमी न आने के आदेश दिए थे। लेकिन इसके बाद भी उपायुक्त के आदेशों की परवाह न करते हुए ठेकेदार ने साथ लगती गली को तीन फुट तक ऊंचा उठा दिया।
कोट्स
गली निर्माण का काम बंद करवा दिया गया है। शुक्रवार को मौके का निरीक्षण किया जाएगा।
- श्रवण कुमार, एसडीओ, नगर परिषद सिरसा।
अग्रसेन कॉलोनी गली का लेवल ऊंचा करने के विरोध में काम रूकवाने पहुंचे गली वासी संवाद- फोटो : Sirsa