- बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे संपर्क, गणना प्रपत्र और घोषणा पत्र भरवाकर जुड़वाएंगे नाम
- सिरसा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 47,697 मतदाता एएसडीडी सूची में शामिल
फोटो 14
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित दोहरा नाम और मृत) सूची में शामिल 96,848 मतदाताओं का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। अनुपस्थित, स्थान बदलने, मृत या दोहरे नाम वाले मतदाता अपना नाम दोबारा जुड़वा सकेंगे।
इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को यह जानकारी दी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुए हैं, वे गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। निर्धारित घोषणापत्र के साथ वे अपना नाम पुनः दर्ज करवा सकेंगे।
जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 96,848 मतदाता एएसडीडी सूची में शामिल हैं। इनमें कालांवाली के 10,303, डबवाली के 18,852 और रानियां के 12,058 मतदाता हैं। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 47,697 मतदाता इस सूची में हैं।
ऐलनाबाद में 7,938 मतदाता शामिल हैं। सभी बूथ लेवल अधिकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के समन्वय से मतदाताओं के घर पहुंचेंगे। वे पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों और उपलब्ध संपर्क माध्यमों से भी जानकारी जुटाएंगे।
पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र और घोषणापत्र भरवाकर नाम शामिल करने की प्रक्रिया पूरी होगी।
घोषणापत्र जमा करने के नियम
जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, उन्हें पूर्ण विवरण और हस्ताक्षर के साथ गणना प्रपत्र जमा करना होगा। इसके साथ ही अनुलग्नक-बी में निर्धारित घोषणापत्र भी बीएलओ के पास जमा करवाना होगा। घोषणापत्र में पहले गणना प्रपत्र जमा नहीं करवा पाने का कारण भी बताना अनिवार्य है। यह प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी कि सभी पात्र मतदाता सूची में शामिल हों।
हरियाणा में पता बदलने के नियम
उपायुक्त ने बताया कि जिन मतदाताओं ने हरियाणा राज्य के भीतर ही अपना निवास स्थान बदला है, उन्हें फार्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मतदाता नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। इसके साथ अनुलग्नक-सी में निर्धारित घोषणापत्र और पते का प्रमाण भी देना होगा। यह दस्तावेज संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी या सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के पास जमा किए जा सकते हैं।
प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील
जिन मतदाताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फार्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र और घोषणापत्र देने की जरूरत नहीं है। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आमजन को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। अधिक जानकारी के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि कुलदीप, हंसराज सामा, विजय कुमार, प्रेम राठी, तरुण, अनिल कुमार, बलबीर कौर और रामधन मौजूद रहे।