किसान लखपत खेत में लगे ट्रांसफार्मर को लेकर खुशी जाहिर करते हुए।
डबवाली। गांव चौटाला के बिजली घर में तीन दिन से धरने पर बैठ किसानों की मांगों को प्रशासन ने मान लिया है। इसके बाद धरने का स्थगित कर दिया है। नलकूपों के खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर किसान तीन दिन से धरने पर बैठे थे। बुधवार को किसानों के द्वारा बिजलीघर के गेट पर तालाबंदी करने के बाद रात को बिजली निगम के कर्मचारी हरकत में आए। इन्होंने अबूबशहर के किसान लखपत बिश्नोई के नलकूप पर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया।
राकेश फगोड़िया ने कहा कि किसानों के बढ़ते रोष को देखते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों ने बाद में धरनास्थल पर पहुंचकर बात की और उनकी मांगों को मान लिया। दोनों पक्षों ने एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर भी किए। फगोड़िया ने बताया कि अधिकारियों ने समझौते के तहत कहा कि लखपत बिश्नोई का ट्रांसफार्मर लगाने के साथ-साथ 5 अन्य किसानों के नलकूपों पर रखने के लिए नए ट्रांसफार्मर आ चुके हैं। संबंधित कंपनी ने यह भी भरोसा दिलाया है कि एडवांस में सब डिवीजन पर ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। भविष्य में किसानों की शिकायत पर तुरंत समाधान होगा। इसके अलावा गांव चौटाला में वार्ड न.18-19 में कम वोल्टेज रहने की समस्या के समाधान को लेकर एस्टीमेट बनाकर ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। ताकि समस्या दूर हो सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दुर्व्यवहार करने वाल कर्मचारियों का तबादला कर दिया जाएगा। इस अवसर पर नत्थू राम भारूखेड़ा, संदीप बिश्नोई, रामेश्वर सुथार, लखपत बिश्नोई, सुशील बिश्नोई, राम सिंह बिश्नोई, राकेश बिश्नोई, कपिल बिश्नोई, कर्मवीर बिश्नोई, दौलतराम गोदारा, हनुमान सिहाग, सहित अन्य किसान, नौजवान मौजूद रहे।