सिरसा डिपो पर बैठक करते सांझा मोर्चा के नेता व कर्मचारी।
सिरसा। सिरसा डिपो में शुक्रवार को रोडवेज विभाग में कार्यरत सांझा मोर्चा के कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक धरना दिया। धरनारत कर्मचारियों ने आरोप लगाए कि परिचालक के पद कार्यरत राकेश कुमार को कई वर्षों से स्टेनो का कार्यभार दिया हुआ है। वह मुख्यालय में कर्मचारियों की गलत रिपोर्ट पेश कर रहा है, जिसका खामियाजा कर्मचारियों को उठाना पड़ रहा है। धरने की सूचना मिलते ही रोडवेज जीएम अजय दलाल ने यूनियन के पदाधिकारियों से बात की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि राकेश कुमार को उनके मूल पद पर वापस भेज दिया जाएगा। यदि उसने गलत रिपोर्ट भेजी है तो कमेटी बनाकर जांच की जाएगी। जिसके बाद यूनियन ने अपना धरना समाप्त कर दिया। ऐसे में अब परिचालक राकेश कुमार बस में टिकट काटते और सीटी बजाते हुए नजर आएंगे।
धरने पर बैठे चमनलाल स्वामी ने बताया कि वर्ष 2008 में भर्ती हुए परिचालकों को सरकार द्वारा एसआई बनाने के लिए लिस्ट मांगी गई थी। जिसमें राकेश कुमार सी-11 परिचालक भी भर्ती हुआ था। स्वामी ने आरोप लगाया कि राकेश कुमार शुरू से ही गलत काम करके अधिकारी व मुख्यालय को गलत रिपोर्ट देता रहा है। जिसकी जानकारी उसके साथ लगे कर्मचारियों द्वारा इसका खुलासा किया गया। मुख्यालय में भेजी रिपोर्ट में राकेश कुमार ने वरिष्ठता सूची में अपना नाम दूसरे कर्मचारियों से ऊपर लिखा दिया। यह सूची यूनियन के पास पहुंच गई। स्वामी ने बताया कि राकेश कुमार ने कभी भी अपने पद पर कार्य नहीं किया है। हैप्पी कार्ड व नाजर बिल्डिंग क्लर्क, स्टेनो, पास क्लर्क, इलकरान क्लर्क सहित सभी पदों पर वह कार्य करता रहा है।
चमनलाल स्वामी ने बताया कि राकेश अपनी मनमानी के चलते विभाग में कार्यरत सभी कर्मचारियाें की अधिकारियों व मुख्यालय को गलत रिपोर्ट व ई-मेल करता था। इसको हटाने के लिए कई बार सांझा मोर्चा की ओर से विभाग के अधिकारियों से अपील की गई थी। अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया था। इसी से तंग आकर शुक्रवार को सांझा मोर्चा के कर्मचारी धरने पर बैठ गए।