हनीप्रीत जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा पहुंची और उसने डेरा में होने वाली नामचर्चा में परिवार संग हिस्सा लिया। इस दौरान वह अन्य संगत के साथ नाम सिमरन करती रही। उनके साथ विपासना इंसा व शोभा इंसा भी थी। करीब चालीस मिनट तक नामचर्चा में रही।
शाम पांच बजे नाम चर्चा खत्म होने के बाद वे डेरे में अपने निवास स्थान मकान नंबर 337 में ही चली गई। हनीप्रीत अपने पिता और परिवार के साथ ही पूरे दिन रही। वहीं डेरे में डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक शाह मस्ताना के 12 नवंबर को होने वाले जन्म दिवस के उपलक्ष्य में रंग रोगन का काम भी हो रहा है।
बता दें कि 25 अगस्त 2017 को डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी करार देते हुए 28 अगस्त 2017 को 20 साल की सजा सुनाई थी। सजा सुनाए जाने के बाद हरियाणा के पंचकूला व सिरसा के अलावा पंजाब के अनेक हिस्सों में हिंसक हुई डेरा उपद्रवियों के भीड़ दंगे किए। इन दंगों में 40 लोग मारे गए थे। पुलिस ने हनीप्रीत, आदित्य इंसां सहित कई लोगों पर राजद्रोह की भी धाराएं लगाई थी।