हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : फाइल फोटो
किसी राष्ट्रीय पर्व पर सिरसा जिले में 12 साल बाद कोई मुख्यमंत्री ध्वज फहराने के लिए आ रहे हैं। सरकार की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस बार 15 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सिरसा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे और तिरंगा फहराएंगे।
यह जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा ने बताया कि इससे पहले 26 जनवरी 2004 को ओमप्रकाश चौटाला ने जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यमंत्री शिरकत की थी। उसके बाद वहां पर कोई भी मुख्यमंत्री राष्ट्रीय पर्व पर नहीं आया। कांग्रेस के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में सिरसा जिले की पूरी तरह से अनदेखी हुई है जो किसी से छिपी नहीं है। जब से प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ है, उसके बाद सिरसा जिला की सुध ली जा रही है।
इनेलो के गढ़ में सेंध लगा रही भाजपा
उन्होंने कहा कि पिछले साल जुलाई में मुख्यमंत्री सिरसा में आए थे और उस समय जनसभा में सिरसा वासियों द्वारा मांग की गई थी तो मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा की थी जिसमें से कई योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। अब 15 अगस्त को मुख्यमंत्री ने सिरसा में ध्वजारोहण की अनुमति प्रदान की है। इससे लग रहा है कि सिरसा जिले में भाजपा का एक भी विधायक न होने के बावजूद वर्तमान प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री दोनों ही सिरसा पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
कालांवाली रैली रद
चोपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा को कालांवाली में 14 अगस्त को रैली करनी थी जिसे रद्द कर दिया गया है। इसके पीछे यही वजह बताई जा रही है कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त को सिरसा में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। इसलिए उन्हें 14 अगस्त को ही सिरसा में पहुंचना होगा। ऐसे में वे कोई कार्यक्रम नहीं कर सकते। कालांवाली रैली को फिलहाल रद्द किया गया है। जल्द ही आगामी तारीख का ऐलान कर दिया जाएगा।