सिरसा। लाला हंसराज फुटेला लॉ कॉलेज में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट स
सिरसा। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट की ओर से बुधवार को लाला हंसराज फुटेला लॉ कॉलेज में नशा विरोधी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। एनसीबी सिरसा के उप निरीक्षक तरसेम सिंह ने कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज को खोखला कर देता है।
तरसेम सिंह ने छात्रों से आह्वान किया कि वे समाज में नशामुक्ति के प्रहरी बनकर दूसरों को भी जागरूक करें। रिटायर्ड प्रिंसिपल मित्रसेन ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की और पर्यावरण संरक्षण को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अनूप सिंह ने बकेट चैलेंज स्वीकार करते हुए गंदे पानी की बाल्टी फेंककर जीवनभर नशा न करने की शपथ ली।
इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने भी सामूहिक रूप से नशा को ना, शिक्षा को हां का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को पौध भेंट किए गए ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने सभी से अपील की कि यदि कहीं भी नशे का अवैध व्यापार दिखाई दे तो तुरंत भारत सरकार के टोल-फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन पोर्टल या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर सूचना दें। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सूचनादाताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।