संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्पेशल स्टाफ की टीम ने वर्क परमिट वीजा पर कनाडा भेजने के नाम पर 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को मुंबई से काबू किया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि व्यक्ति की पहचान बिहार के मुज्जफरपुर जिला निवासी हाल वेस्ट मुंबई, जगेशवरी निवासी सत्यकेतू शंकर के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि इस संबंध में पवनदीप सिंह निवासी झोरड़नाली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मोहाली में नौकरी करता है और वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात सिराजुदीन अंसारी हुई थी। उसने कहा कि यदि आप वर्क परमिट वीजा पर कनाडा जाना चाहते हो तो 29 लाख रुपये लगेंगे। उसकी जान पहचान के लोग कनाडा में रहते हैं।
इसके बाद अगस्त 2019 में फाइल जमा करवाने के लिए उसने मुंबई बुलाया और 60 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा। पवनदीप सिंह ने 26 अगस्त 2019 को 60 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए। ऐसे करके शातिर ठगों ने उसे 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी सत्यकेतू शंकर को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी सिराजुदीन अंसारी को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी है।