बीते रविवार को गांव सुरतिया में जमीन विवाद को लेकर हुई दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस विवाद में मारे गए दोनों लोगों का सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने शवों को परिजनों के हवाले कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मुख्यारोपी ईसर सिंह और उसके पुत्र झंडा सिंह को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का एक देसी कट्टा, 3 कारतूस और एक खोल बरामद किया है।
जानकारी देते हुए रोड़ी थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त कस्सी भी बरामद की जाएगी। बरामदगी के लिए आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। गौरतलब हो कि बीते रविवार को जमीन के विवाद के चलते सुरतिया निवासी रणसिंह ने अपने बहनोई पंजाब के बठिंडा के गांव बंगी निवासी गुरजंट सिंह को गोली मार दी थी। जिसके बाद तैश में आए आरोपित रणसिंह के भाई ईसर सिंह और उसके बेटे झंडा सिंह ने रणसिंह की कस्सी से काटकर हत्या कर दी थी। इस घटना में गुरजंट सिंह और रणसिंह सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। इस संबंध में पुलिस ने मृतक रणसिंह के बेटे गुरप्यार सिंह के बयान पर ईसर सिंह, उसके बेटे झंडा सिंह और मृतक गुरजंट सिंह के पुत्र सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।