पंजाब के बरनाला में गांव वजीदके कलां में पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में पंजाब के एक व्यक्ति और शहर के दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे में शहर की एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में मरने वाले कमलदीप जिंदल उर्फ कमल बाबा और डॉ. रमेश फग्गू वाले निवासी मंडी कालांवाली के शव रविवार शाम को शहर में पहुंचे। वहीं, तीसरा मृतक संजय सिंगला पंजाब के मलोट का रहने वाला है।
अग्रवाल पीरखाना के सेवादार कमल बाबा अपने साथी डॉ. रमेश फग्गू वाले व उनकी करीब 17 वर्षीय बेटी प्रिया के साथ मां चिंतपूर्णी हिमाचल प्रदेश में दर्शन करने के लिए शनिवार सुबह कार पर सवार होकर गए थे। इस दौरान उनके कमल बाबा के मामा का लड़का संजय सिंगला निवासी मलोट पंजाब भी साथ गया था। सभी रविवार सुबह मां चिंतपूर्णी व ज्वाला जी के दर्शन करके कालांवाली लौट रहे थे। इस दौरान पंजाब के बरनाला में गांव वजीदके कलां में पेट्रोल पंप के पास उनकी कार एक ट्रॉला से टकरा गई। घटना के बाद कमल बाबा और डॉ. रमेश फग्गू वाले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल संजय सिंगला ने सरकारी अस्पताल बरनाला में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद घायल लड़की प्रिया को डीएमसी लुधियाना में रेफर किया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्राला चालक ने अचानक से आहलुवालिया पेट्रोल पंप की तरफ ट्राला मोड़ दिया था, जिस कारण कार उसमें जा घुसी। पेट्रोल पंप कर्मियों ने हादसे की सूचना थाना ठुलीवाल को दे दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया था और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बरनाला में भेज दिया था। इसके अलावा ट्रॉला को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि कमल बाबा के दो पुत्र है। जबकि डॉ. रमेश फग्गू वाले की इकलौती पुत्री है। वह भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।