सड़क पर जाम लगाते मजदूर के परिजन और मौजूद पुलिस
- फोटो : Bureau
दुकान का शेड गिरने से युवक की मौत मामले को लेकर सोमवार सुबह सामान्य अस्पताल में काफी बवाल हुआ। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम रूम के बाहर भारी हंगामा किया। तनाव बढ़ते देख प्रशासन ने काफी पुलिस फोर्स सामान्य अस्पताल परिसर में तैनात करनी पड़ी। गुस्साए लोगों ने दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग को लेकर सामान्य अस्पाल मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बाद उप पुलिस अधीक्षक जगदीश काजला मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाया। दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को गांधी मार्केट स्थित एक टायर की दुकान में शेड निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य में बतौर मजदूर जेजे कॉलोनी निवासी गजन सिंह उर्फ खन्ना, बंटी व अनिल लगे हुए थे। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया था कि अचानक शेड गिर गया और तीनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए। यह देख पूरी मार्केट में हंगामा मच गया। लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा उठाकर उसके नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालकर सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां उपचार के दौरान देर रात गजन सिंह उर्फ खन्ना की मौत हो गई।
सोमवार सुबह परिजनों सामान्य अस्पताल में हंगामा कर दिया और शव लेने से इनकार करते हुए सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। काफी देर तक यातायात बाधित होने वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर डीएसपी जगदीश काजला मौके पर पहुंचे। गुस्साए परिजनों ने डीएसपी से दुकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने मांग की। डीएसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच के दौरान जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा डीएसपी ने सिविल सर्जन से घायल मजदूरों के उपचार में कोई कमी नहीं छोडने का आग्रह किया। आश्वासन से संतुष्ट होने के बाद परिजनों शव लेने को राजी हो गए।