इनेलो पदाधिकारी प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ता को संबोधित करते। विज्ञप्ति
सिरसा। ऐलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला की पदयात्रा 24 फरवरी को नूंह से शुरू होगी और 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती पर कुरुक्षेत्र में संपन्न होगी। पदयात्रा में भाग लेने वाले युवाओं को रोड मैप व तिथि की जानकारी देकर उनकी ड्यूटी तय की गई।
मंगलवार को डबवाली रोड स्थित इनेलो जिला कार्यालय में युवा कार्यकर्ताओं के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर के पहले दिन युवा कार्यकर्ताओं को इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने संबोधित किया। राठी ने उन्हें यात्रा के रूट मैप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा आगामी 24 फरवरी को नूंह से शुरू होगी और प्रदेशभर में जाएगी। यात्रा का समापन जननायक चौ. देवीलाल की जयंती 25 सितंबर को कुरुक्षेत्र में होगा। शिविर में 250 युवाओं ने पहले दिन में भाग लिया तथा 1000 युवाओं ने आवेदन किया है। इसमें से 300 युवाओं को ही चुना जाएगा। शिविर के दौरान डॉ. सतबीर सिंह सैनी व रविकांत शर्मा ने मीडिया की कार्यप्रणाली के बारे में बताया तथा कहा की युवाओं को मीडिया से भी संपर्क बनाए रखना ह। इस दौरान प्रदेश के पूर्व डीजीपी एवं वरिष्ठ इनेलो नेता एमएस मलिक ने युवाओं को यात्रा के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के टिप्स दिए। नफे सिंह राठी ने बताया कि 8 फरवरी को रतिराम पीटीआई व रामरतन सब इंस्पेक्टर युवाओं को पीटी करवाएगें। मोनू कमांडो युवाओं को अपनी रक्षा के बारे टिप्स देंगे। सुनैना चौटाला पद यात्रा के दौरान लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाए तथा महिलाओं की भागीदारी के बारे में भी बताएगी। शिविर मे युवा नेता अर्जुन चौटाला, प्रकाश भारती, सुनैना चौटाला, श्याम सिंह राणा, उमेद सिंह लोहान, कश्मीर सिंह करिवाला उपस्थित रहे।