ऐलनाबाद में मांगों को लेकर मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते आप कार्यकर्ता।
- फोटो : Sirsa
ऐलनाबाद। किसानों को ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन देने पर शर्त लगाने और आम उपभोक्ताओं को राहत नहीं देने के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को टिब्बी चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। कार्यक्रम में सिरसा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कुमार मौजूद रहे। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पार्टी के जोन प्रवक्ता एवं ऐलनाबाद से प्रत्याशी रहे कृष्ण वर्मा ने बताया कि प्रदेश के कई जिले डार्क जोन में हैं। जिसमें सिरसा भी शामिल है। प्रदेश सरकार ने यहां लंबे समय से कृषि उपयोग के लिए लगने वाले ट्यूबवेल कनेक्शन बंद कर रखे हैं। इन बातों को लंबा समय बीत चुका है, लेकिन सरकार कनेक्शन देने की बजाय गुमराह कर रही है। पार्टी की मांग है कि दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा के उपभोक्ताओं को भी 200 यूनिट बिजली फ्री मिलें व 400 यूनिट तक आधा बिल लिया जाए। यदि दिल्ली की सरकार ऐसा कर सकती है तो हरियाणा की सरकार ऐसा क्यों नहीं कर सकती। इस मौके पर सिरसा विधानसभा क्षेत्र के पार्टी अध्यक्ष हंसराज सामा, ओमप्रकाश वर्मा, हरबंस लाल, कश्मीर सिंह कंबोज, प्रमोद वधवा, जगीर सिंह, दर्शन सिंह, शंकरलाल आदि मौजूद रहे।