19 लाख रुपये से होंगे सुधार कार्य, पंचायती राज विभाग ने लगाया टेंडर
फोटो 28,29
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव अहमदपुर में छोटे बच्चों को बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कदम उठाया गया है। पंचायती राज विभाग ने गांव की दो आंगनबाड़ी और एक प्ले स्कूल के सुधार कार्यों के लिए टेंडर लगाया है। इन कार्यों पर करीब 19 लाख रुपये खर्च होंगे।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एवं सुधार कार्य शुरू करवाया जाएगा। कार्य पूरा होने पर इन केंद्रों में आने वाले बच्चों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस योजना से बच्चों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार होने की उम्मीद है। विभाग निर्धारित बजट के तहत आवश्यक सुधार कार्य करवाएगा।
बच्चों के अनुकूल वातावरण
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। भवनों की स्थिति में सुधार के साथ केंद्रों को अधिक व्यवस्थित किया जाएगा। इससे बच्चों को बैठने, सीखने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी बच्चों के साथ गतिविधियां करवाने में सुविधा होगी।
प्ले स्कूल में सुधार और ग्रामीणों की मांग
गांव में संचालित प्ले स्कूल को भी बेहतर बनाने की योजना है। बच्चों की शुरुआती शिक्षा को रुचिकर बनाने के लिए सुविधाओं में सुधार होगा। खेल और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी रचनात्मक क्षमता और सीखने की रुचि को बढ़ावा मिल सकता है। ग्रामीणों की ओर से इन सुविधाओं में सुधार की लंबे समय से मांग थी। आशीष कुमार ने बताया कि पंचायती राज विभाग ने करीब 19 लाख रुपये के कार्य के लिए टेंडर लगाया है।