कालांवाली। गांव गदराना निवासी देवेंद्र उर्फ गग्गू की सोमवार सुबह उस समय गोली मारकर व तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई जब वह कुत्ते को गली में घुमा रहा था। हत्या को 15 से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने अंजाम दिया। हमलावर बाइक और कार में सवार होकर आए थे। गग्गू की जब हत्या की गई उस समय उसका दोस्त संदीप सिंह निवासी सीपा भी साथ था। हत्या की वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं संदीप की शिकायत पर पुलिस ने 14 नामजद और 7 अन्य लोगों को खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के दोस्त संदीप सिंह निवासी सीपा ने बताया कि वह अपने दोस्त देवेंद्र उर्फ गग्गू के साथ सुबह की सैर पर था। जब वे घर लौट रहे थे उसी समय सामने से एक कार आई और चालक ने देवेंद्र की सीधी टक्कर मार दी। इतने में दो गाड़ियां में 10-12 लोग और एक बाइक पर सवार होकर दो लोग और आ गए। जिनके हाथों में पिस्तौल, तलवार और कापे थे। आरोपियों ने देवेंद्र की घेरकर तलवार और कापे से निर्ममता से हत्या कर दी।
इसके बाद बाद दहशत फैलाने के लिए हमलावरों ने हवाई फायर भी किए और फिर अपने वाहनों में सवार होकर फरार हो गए। भागते समय हमलावर अपने कई हथियार भी रास्ते में फेंक गए। घटना के बाद देंवेद्र सिंह को एंबुलेंस की सहायता से कालांवाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि मृतक देवेंद्र सिंह भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई मामलों में जेल भी काट चुका है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जयभगवान, कालांवाली थाना प्रभारी चांद सिंह के अलावा सीआईए कालांवाली, सीआईए डबवाली और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने गांव तख्तमल के गुरविंद्र सिंह, स्वराज सिंह, चरणजीत सिंह निवासी जोधपुर भाखर पंजाब, मनप्रीत सिंह निवासी जगमालवाली, गांव गदराना के गुरदीप सिंह, गुरमीत सिंह, बेअंत सिंह, कुलदीप सिंह, सुखराज सिंह, करणवीर सिंह, हरपाल सिंह, जसबीर सिंह, हरजिंद्र सिंह निवासी गांव खोखर व एक नाबालिग के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इकलौता बेटा था देवेंद्र
मृतक देवेंद्र सिंह अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। उसकी दो शादीशुदा बहनें है। एक बहन की करीब डेढ़ माह पूर्व ही शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि जब देंवेद्र सिंह लड़ाई-झगड़े के केस में जेल गया था। तब सदमे में देंवेद्र सिंह के पिता व चाचा का निधन हो गया था।
16 जनवरी 2023 को हुआ था डबल मर्डर
बताया जा रहा है कि मृतक देवेंद्र सिंह कालांवाली ट्रक यूनियन के प्रधान दीपक उर्फ दीपू के साथ जुड़ा हुआ था। उसने अपने हाथ पर दीपक उर्फ दीपू का टैटू भी गुदवा रखा है। 16 जनवरी 2023 को गैंगस्टर जग्गा तख्तमल ने रंजिश के चलते ट्रक यूनियन के प्रधान दीपक उर्फ दीपू और उसके साथी वीरेंद्र उर्फ दीपू की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। जबकि कई साथी घायल हो गए थे।
जग्गा ग्रुप ने व्हाट्स एप पर काॅल कर दी धमकी
हमले के बाद गैंगस्टर जग्गा के दोनों बेटों का भी नाम सामने आ रहा है। जग्गा सिंह के बेटे के द्वारा व्हाट्स एप काॅल कर दीपू मर्डर केस की गवाही से पहले दीपक उर्फ दीपू के छोटे भाई राजवीर सिंह, साथी परमजीत सिंह उर्फ जग्गा और अमनदीप उर्फ काला को जान से मारने की धमकी देने की भी बात सामने आई है। हालांकि इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है। बता दें कि दीपू मर्डर केस गवाहियों पर है और कोर्ट में छुट्टियों के बाद केस की सुनवाई होनी है।
23 जनवरी 2023 को पकड़ा गया था जग्गा सिंह
16 जनवरी को मंडी कालांवाली क्षेत्र में हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी जगसीर उर्फ जग्गा तख्तमल तथा उसके एक अन्य साथी मिंधी पुत्र गुरचरण सिंह निवासी गांव बहमन कौर सिंह वाला को पुलिस ने 23 जनवरी को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने डबल मर्डर के मुख्य आरोपी जग्गा तख्तमल सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चार पिस्तौल व दो वाहन बरामद हुए थे।
दीपक उर्फ दीपू का साथी था मृतक गग्गू
बताया जा रहा है कि गग्गू ने कुछ साल पहले तख्तमल निवासी जगसीर उर्फ जग्गा सिंह के साले के लड़के को पीट दिया था। इसके अलावा भी गग्गू का जग्गा गुट से कई बातों को लेकर मनमुटाव चल रहा था। 16 जनवरी 2023 में जग्गा सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर मंडी कालांवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू पुत्र सीताराम व देवेंद्र उर्फ दीपू पुत्र इकबाल सिंह की हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है किक गग्गू दीपक उर्फ दीपू का साथी था। इसलिए जग्गा सिंह के बेटे गुरविंद्र उर्फ हरजिंद्र सिंह ने उसकी गोली मारकर हत्या की है।
दोस्त संदीप सिंह के बयानों के आधार पर 13 नामजद, एक नाबालिग व 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-चांद सिंह, थाना प्रभारी, कालांवाली