सिरसा। डबवाली एनएच-9 पर शनिवार को हुए हादसे में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे में मृतक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शिरोमणी गांव निवासी कुलदीप के रूप में हुई है।
मृतक युवक के भाई प्रदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका छोटा भाई कुलदीप गांव के ही राजू के साथ दिल्ली के नांगलोई में कैंटर पर सहायक व कंडक्टर के तौर पर काम करता है। 7 सितंबर को पंजाब के बठिंडा में तेल से भरा कैंटर खाली करने के बाद सिरसा से दिल्ली के लिए जा रहा था। कैंटर को नांगलोई निवासी मुनीष कुमार दुबे चला रहा था। डबवाली एनएच-9 पर नेजाडेला के पास उनके आगे एक ट्रैक्टर चालक वाहन के पीछे जेसीबी को टोचन कर रोड के बीच ले जा रहा था। जैसे ही कैंटर चालक ने ट्रैक्टर व जेसीबी को अपनी साइड से क्राॅस करना चाहा तो ट्रैक्टर चालक ने एकदम से अपना वाहन भी उसी साइड कर दिया।
इससे जेसीबी का पिछला हिस्सा कैंटर टकरा गया। हादसे में उसके भाई कुलदीप, राजू व चालक मुनीष कुमार को गंभीर चोट आई। नागरिक अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल होने के कारण राजू व मुनीष को अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर वह अपने पिता राकेश व मामा भगवत सराय के साथ अग्रोहा पहुंचा तो राजू ने उसे घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के भाई प्रदीप के बयान के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।