रोड़ी में मृत मिले युवक के पास जांच करते पुलिस अधिकारी।
रोड़ी। रोड़ी गांव में नशे की ओवरडोज से एक और युवक की मौत हो गई है। इस वर्ष गांव में नशे से यह हुई सातवीं मौत है। घटना शुक्रवार सुबह की है, जब गांव रोड़ी से जटाना कलां रोड पर स्थित श्री दुर्गा माइसर मंदिर के पास झाड़ियों में युवक का शव मिला। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की बांह से खून निकलता पाया गया। हालांकि मौके से कोई इंजेक्शन या नशे का अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक गांव रोड़ी से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित पंजाब के जटाना कलां गांव का रहने वाला हैप्पी (24) था।
पंजाब के गांव जटाना कलां निवासी केवल सिंह ने बताया कि उसका बड़ा बेटा रवि विदेश में रहता है। जबकि हैप्पी उसके पास रहता था। वीरवार रात करीब 9 बजे हैप्पी घर से एक अन्य युवक के साथ निकला था। आधी रात तक वह घर नहीं लौटा। सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि नशे की ओवरडोज के कारण हैप्पी की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि जिस बेटे को बड़े लाड से पाला, आज नशे की लत ने उसे मौत की नींद सुला दिया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि पुलिस कार्रवाई करती है। सोमवार को ही रोड़ी में मलड़ी पुल के नजदीक मुर्गी फार्म में पुलिस ने 6300 प्रतिबंधित गोलियों के साथ एक युवक को पकड़ा था।
नशे की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। हैप्पी के पिता के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। हैप्पी और उसका दोस्त चिट्टे के आदी थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - जनक सिंह, जांच अधिकारी, रोड़ी थाना