सिरसा। जिला के गांव भूरटवाला में सोमवार को एक युवक की खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को डिग्गी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार गांव भूरटवाला निवासी 27 वर्षीय साहब राम पुत्र केसरा राम मजदूरी करता था। सोमवार को वह अपने पिता के साथ खेत में काम कर रहा था। वह पानी की डिग्गी के पास पहुंचा तो अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में जा गिरा। केसरा राम ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ऐलनाबाद पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने साहब राम को डिग्गी से बाहर निकाला तो वह मृत मिला। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयान पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को नागरिक अस्पताल सिरसा में किया जाएगा।