चोपटा। चोपटा में एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम शनिवार दोपहर सिविल हॉस्पिटल में किया गया।
जानकारी के अनुसार करनाल जिला के नर्सिंग निवासी गुरकीरत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। शुक्रवार रात को उसने अपने कमरे में लगे पंखे पर फंदा डालकर खुद को फांसी लगा ली। मृतक गुरकीरत के पिता गुरमीत सिंह की करीब सात साल पहले मौत हो चुकी है। पुलिस को दिए बयान में मृतक गुरकीरत सिंह के जीजा गुरमीत सिंह निवासी गांव तलवाड़ा झील जिला हनुमानगढ़ ने बताया है कि गुरकीरत 6-7 माह से चौपटा-भट्टू रोड पर किराये पर कमरा लेकर रह रहा था। 15 जून को गुरकीरत सिंह उसके पास आया था। उसने बताया कि कंपनी के अधिकारी टारगेट पूरा करने का दबाव बनाते हैं।
जांच अधिकारी महेंद्र सिंह का कहना है कि जीजा गुरमीत सिंह के बयान पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। मृतक के पास सुसाइड नोट नहीं मिला है। शनिवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक गुरकीरत अविवाहित था। उसकी दो बहने हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वह इकलौता पुत्र था।