संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर की शास्त्री कॉलोनी निवासी सरोज रानी के साथ फिक्सड डिपॉजिट (एफडी) के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह सिद्धू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरोज रानी पत्नी जयनारायण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्होंने 2 फरवरी 2012 को सांगवान चौक स्थित तत्कालीन एमर्जिंग इंडिया इंफ्रा एंड डेवलपर्स लिमिटेड (बाद में नाम बदलकर द नेशनल को-ऑप नेट क्रेडिट सोसायटी लिमिटेड) में 1,02,000 रुपये की एफडी करवाई थी। यह एफडी पांच वर्षों के लिए थी, जिसकी मियाद अप्रैल 2018 में पूरी हुई।
वर्ष 2016-17 के दौरान सिरसा स्थित कंपनी का कार्यालय अचानक बंद हो गया। जब एफडी की मियाद पूरी हुई तो सरोज रानी का बेटा संदीप कुमार मुख्य शाखा मोहाली (पंजाब) गया, जहां कुछ कर्मचारियों ने एफडी के दस्तावेज जमा करवा लिए और एक सफेद कागज पर कंपनी की मोहर लगाकर रसीद दे दी। उन्होंने यह कहकर राशि देने से इनकार कर दिया कि अभी पैसे नहीं हैं, बाद में आना।
कुछ समय बाद जब संदीप दोबारा मोहाली गया तो पाया कि कंपनी का कार्यालय पुलिस द्वारा सील किया जा चुका है और कंपनी बंद हो चुकी है। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि कंपनी का संचालक गुरप्रीत सिंह सिद्धू कई लोगों से धोखाधड़ी कर चुका है।
सरोज रानी ने बताया कि उन्होंने 2014 और 2015 में भी क्रमश: 2,19,497 और 5,00,000 रुपये की दो और एफडी करवाई थीं। इस प्रकार तीनों एफडी की कुल राशि डूब चुकी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने सरोज रानी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।