संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर की हुडा पुलिस चौकी में तैनात एक पुलिसकर्मी को बाल भवन के पास एक कार ने कुचल दिया। घायल पुलिसकर्मी को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने हुडा चौकी में तैनात एसआई कमल सिंह के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बुधवार को शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। मृतक हरजीत सिरसा के गांव दड़बी का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, हुडा पुलिस चौकी में तैनात एसपीओ हरजीत कुमार मंगलवार शाम को बाइक पर सवार होकर जा रहा था। बाल भवन के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी। इससे हरजीत सड़क पर जा गिरा और कार चालक उसे कुचल दिया। इसके बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। घायल हरजीत को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
हुडा चौकी में तैनात एसआई कमल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह शाम को सरकारी गाड़ी में जा रहा था। उसके सामने बाल भवन के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी। कार चालक बाइक चालक को कुचलता हुआ फरार हो गया। उसने पास जाकर देखा तो हरजीत खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा था। पुलिस का कहना है कि अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कार का नंबर पता चल चुका है। दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।