हादसे में क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी।
सिरसा, कानपुर। महाराजपुर में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रूमा के पास सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे सवारियों से भरी स्कॉर्पियो सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार बिहार, गया के गांव धमना पोस्ट खपिया निवासी नरेश मांझी के बेटे दिलखुश (8), बेटी नेहा (15) और चालक हरियाणा के सिरसा डिंग निवासी बजरंग कुमार (45) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अन्य नौ लोगों को गंभीर हालत में कांशीराम अस्पताल भेजा गया जहां से उन्हें हैलट रेफर किया गया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक को झपकी आना हादसे की वजह मानी जा रही है।
अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, युवक की माैत
रानियां। गांव सेनपाल निवासी देवेंद्र (27) की रविवार देर रात पेड़ से बाइक टकराने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर करीवाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
करीवाला चौकी के एसआई श्यामलाल ने बताया कि देवेंद्र रविवार रात बाइक से नथोर रोड स्थित खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। देवेंद्र अविवाहित था और परिवार का इकलौता कमाने वाला था।
देवेंद्र के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां के साथ रहता था। वह खेती कार्यों में ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। इकलाैते बेटे की माैत की खबर से मां का रो रोकर बुरा हाल है।