कुलपति प्रो नरसी बिश्नोई को ज्ञापन सौंपते हुए विद्यार्थी।
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों के साथ हो रही बार-बार छेड़छाड़ को लेकर विद्यार्थियों ने बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने बताया कि पिछले लंबे समय से विश्वविद्यालय की परीक्षा परिणाम शाखा में सभी कक्षाओं के परिणामों में बदलाव किया जा रहा है।
2022 से आज तक परीक्षा शाखा से जारी होने वाले परीक्षा परिणामों में कई बार छेड़छाड़ हुई है। उन्होंने बताया कि जिस विद्यार्थी का यूनिवर्सिटी में एडमिशन नहीं हुआ, उसकी डिग्री तक सामने आई है, जोकि रिजल्ट ब्रांच की कारगुजारी को साफ दर्शा रहा है। अभी कुछ दिन पहले भी पुराने कर्मचारी जोकि एक साल से यूनिवर्सिटी में नहीं है। उसकी आईडी से छात्र के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की गई। 27 नवंबर 2023 को परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी हुई, विरोध भी हुआ, लेकिन जांच के नाम पर शून्यता रही। कुछ दिन पहले 7 मार्च को बच्चों के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की गई, जो विद्यार्थी विश्वविद्यालय में नहीं है। उनके नाम से डीएमसी व डिग्री बनाई गई। इससे विद्यार्थियों में रिजल्ट ब्रांच के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ गहरा रोष है।
उन्होंने कुलपति से मांग की कि इस मामले में निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें। कुलपति ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में निष्पक्ष जांच करवाएंगे।