संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। उपमंडल के गांव चौटाला में घर से लापता एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव सोमवार सुबह खेत में मिला। परिजनों का कहना है कि अदालत में पिता से साथ जमीन विवाद में चल रहा केस हारने से तनाव में आकर जहर खाकर आत्महत्या की है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार पवन कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता पदमराज (52) का अपने पिता के साथ जमीन विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा था। कुछ समय पहले अदालत ने इस केस का फैसला सुनाया। अपने पक्ष में फैसला नहीं आने से पिता मानसिक रूप से परेशान रहने लगे। उन्होंने परिवार के लोगों से भी बोलना बहुत कम कर दिया था। रविवार को वह घर से बिना बताए कहीं चले गए। उनकी हर जगह तलाश की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस पर चौटाला पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस उनकी तलाश कर ही रही थी। इसी बीच सोमवार को ग्रामीणों ने खेत में पदमराज का शव देखा। सूचना मिलते ही चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पवन कुमार के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का कहना है कि जहर खाकर आत्महत्या की है लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।