रानियां के एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत एक अध्यापिका ने साथी अध्यापक पर छेड़छाड़ करने की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अध्यापिका शादीशुदा है।
थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत एक अध्यापिका ने साथी अध्यापक के खिलाफ सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह विद्यालय के कमरे में किसी काम से गई। इस दौरान आरोपी अध्यापक पहले से बैठा हुआ था। इस दौरान अचानक उसने दरवाजे को कुंडी लगाई और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी अध्यापक हरकतें करता रहा और जान से मारने की धमकी दे डाली। शिकायत के अनुसार आरोपी अध्यापक ने छात्रों के समक्ष कई बार अशोभनीय हरकत व मानसिक तौर पर परेशान किया है। अध्यापिका ने स्कूल प्रिंसिपल को मामले की जानकारी दी। प्रिंसिपल ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने अध्यापिका की शिकायत पर आरोपी अध्यापक अनिल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच अधिकारी किरण पाल कौर को आगामी जांच के लिए कार्रवाई सौंप दी है।