सिरसा। नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रानियां थाना पुलिस ने गांव नाईवाला निवासी नशा तस्करी के आरोपी दविंदर उर्फ देवेंद्रा की करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा गाड़ी कुर्क कर ली है।
पुलिस ने संपत्ति का रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा था। इसके बाद आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि संबंधित विभागों को संपत्तियों के संबंध में नोटिस भेज दिए गए हैं। अब इन संपत्तियों को बेचना या किसी दूसरे व्यक्ति के नाम हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि दविंदर उर्फ देवेंद्रा के खिलाफ वर्ष 2025 में रानियां थाना में 56 किलो 550 ग्राम चूरा पोस्त तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2024 में पंजाब के बठिंडा जिले के संगत थाना में भी उसके खिलाफ 150 ग्राम अफीम तस्करी का केस दर्ज है।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया गया है। अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।