बडागुढ़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर गांव पंजुआना के निकट बीते सोमवार देर शाम एक कार ने आगे जा रहे मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल व कार को कब्जे में लिया।
मृतकों की पहचान गांव ओढ़ां निवासी मनजिंद्र सिंह उर्फ मनी (18) व सुखपाल सिंह उर्फ राज (28) के रूप में हुई है। मंगलवार को पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिए। इस संबंध में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव ओढां निवासी मनजिंद्र सिंह व सुखपाल सिंह दिहाड़ी-मजदूरी करते थे। बीती सोमवार शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर काम के सिलसिले में सिरसा जाने के लिए निकले थे। रास्ते में नेशनल हाईवे पर गांव पंजुआना के निकट पीछे से आ रही एक कार ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में मनजिंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुखपाल सिंह की सिरसा के नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार सुबह सूचना के बाद दोनों मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। बडागुढ़ा पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करते हुए शवों को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया।
मृतक मनजिंद्र सिंह के पिता जगतार सिंह ने बताया कि उनका बेटा व गांव का ही सुखपाल सिंह दोनों इकट्ठे ही दिहाड़ी-मजदूरी करते थे। सोमवार शाम को वे दोनों खाना खाकर कार्य के सिलसिले में सिरसा के लिए निकले थे। इसके बाद उन्हें दूसरे दिन सुबह करीब 8 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने कार के नंबरों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक मनजिंद्र सिंह उर्फ मनी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। वहीं सुखपाल सिंह उर्फ राज अपने दो भाईयों ने बड़ा था और अविवाहित था।