सिरसा। साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक युवती से 98,689 रुपये की ठगी करने के मामले में आरोपी जनकपुरी निवासी कुबेर शर्मा को पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि अग्रसेन कॉलोनी निवासी युवती के साथ यह साइबर ठगी 6 मई 2026 को हुई थी। पीड़िता को व्हाट्सएप पर एक कॉल आई थी जिसमें कॉलर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया।
इसके बाद युवती को एक लिंक भेजा गया जो देखने में बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसा था। फर्जी वेबसाइट पर भरोसा कर युवती ने अपने कार्ड से जुड़ी जानकारी दर्ज कर दी जिसके बाद उसके खाते से 98,689 रुपये निकाल लिए गए। घटना की शिकायत के बाद एक जून 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।