सिरसा पुलिस की हिरासत में दोनों आरोपी।
सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा ने गांव दड़बा के पास एक मालवाहक वाहन से 9.520 किलो चूरा पोस्त जब्त किया। इस मामले में मालवाहक वाहन चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ चोपटा थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की एक टीम सोमवार को गांव दड़बा की ओर जा रही थी। दड़बा के पास सामने से एक मालवाहक वाहन आता दिखाई दिया। मालवाहक वाहन चालक ने पुलिस की गाड़ी देखकर वाहन रोक दिया। इसके बाद चालक काला सिंह और उसका साथी राजेन्द्र कुमार खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर उन्हें काबू कर लिया। मालवाहक वाहन की तलाशी लेने पर 9 किलो 520 ग्राम चूरा पोस्त मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह चूरा पोस्त राजस्थान से लाया गया था और सिरसा में इसकी आपूर्ति की जानी थी।
महिला से 420 ग्राम चूरा पोस्त जब्त
रानियां पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में 420 ग्राम चूरा पोस्त सहित मनप्रीत कौर नामक महिला को पकड़ा है। पुलिस प्रवक्ता राजपाल ने बताया कि पुलिस सोमवार को इलाके में गश्त कर रही थी। शक के आधार पर पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया। महिला के हाथ में लिए थैले की तलाशी लेने पर चूरा पोस्त मिला।