नगर परिषद चेयरपर्सन का चुनाव आज, किसी भी गुट ने नहीं किया अपने उम्मीदवार के नाम का एलान
सिरसा। नगर परिषद में चेयरपर्सन के लिए चुनाव मंगलवार को होगा। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को प्रशासन ने नप कार्यालय में इवीएम मशीन स्थापित कर दी। वोटिंग का समय दोपहर 12 बजे रखा गया है। मंगलवार सुबह नगर परिषद के सभी 31 पार्षदों में से 17 हाजिर रहते हैं तो चुनाव होगा अगर कोरम पूरा नहीं हुआ तो चुनाव की तारीख आगे टल सकती है।
नगर परिषद के चेयरपर्सन चुनाव को लेकर सभी दल सक्रिय है। दलों से जुड़े नेता पार्षदों से संपर्क साध रहे हैं और हर कोई उन्हें अपने पाले में लाना चाहता है। हलोपा नेता गोबिंद कांडा भी पार्षदों के मान मनोव्वल में जुटे हुए है। वहीं, 22 बागी पार्षदों के गुट में अभी तक एक नाम पर सहमति नही बन पाई है। चेयरपर्सन को लेकर चार उम्मीदवार मैदान में है, इनमें नगर पार्षद सुमन बामनिया, सुमन शर्मा, रेखा सुखरालिया व रेणू बाला शामिल है। अभी तक किसी भी गुट में एक नाम को लेकर सहमति नहीं बन पाई है और न ही किसी गुट ने अपने उम्मीदवार का नाम फाइनल किया है।
सूत्रों के अनुसार सत्ताधारी भाजपा की ओर से हर हाल में सिरसा नगर परिषद की चेयरमैनी हासिल करने की तैयारी की जा रही है। कोशिश की जा रही है कि चेयरमैनी का ताज बरकरार रहें, लेकिन इस बार राहुल सेतिया के बगैर। पिछली बार राहुल सेतिया नेे भाजपा को चेयरमैनी का ताज पहनाया था। लेकिन अब भाजपा सेतिया गुट को दरकिनार करके अपने बलबूते चेयरमैनी हासिल करने की कोशिश जुटी है। बताया जाता है कि नाक का सवाल बनीं चेयरमैनी की कुर्सी यदि हाथ लगती नहीं दिखाई दी तो मंगलवार को होने वाली बैठक स्थगित की जा सकती है। यह भी संभव है कि कोरम ही पूरा न हो। चेयरपर्सन चुनाव को लेकर राहुल सेतिया गुट भी सक्रिय है साथ ही भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया ने भी दावेदारी जताई है। उनकी पत्नी वैशाली रातुसरिया के रूप में प्रधान पद की दावेदारी पार्टी के सामने रखी है। उधर गोबिंद कांडा भी मैदान में उतरे हुए है, वे अपनी प्रत्याशी रीना सेठी को प्रधान पद पर देखना चाहते हैं।