अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जिला प्रशासन की ओर से थेहड़ को खाली करवाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब पहले चरण में सामान ढोने वाले वाहन चालकों ने बकाया मजदूरी की मांग को लेकर कामकाज रोक दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार कुलदीप और थाना शहर प्रभारी अमित बैनीवाल मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने मजदूरी का तकाजा करने वालों को सोमवार तक भुगतान का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद मकान खाली करवाने का कार्य शुरू हो गया।
कामकाज रोकने वाले जगबीर सिंह, अशोक कुमार, निशान सिंह व रामफल का कहना है कि प्रशासन ने थेहड़ पर दूसरे चरण के अभियान में उनके वाहन किराये पर लिए थे। वे मकानों से सामान अपने वाहनों पर लादकर हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों में छोडक़र आते थे। अभी तक प्रशासन ने उनका बकाया करीब एक लाख 93 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया है।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा थेहड़ को खाली करवाने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में 400 से अधिक घरों को खाली करवाया जा चुका है। थेहड़ से हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में शिफ्ट होने वाले परिवारों को सामान ढोने के लिए प्रशासन ने वाहन मुहैया करवाए थे। इन वाहन चालकों को कई माह बीत जाने पर भी मेहनताना अदा नहीं किया गया है। अब प्रशासन द्वारा नए ट्रैक्टर चालकों को इस कार्य में लगाया गया है। मेहनताने की मांग करने वाले चालक थेहड़ पहुंच गए और उन्होंने सामान शिफ्ट करने के कार्य में जुटे दो ट्रैक्टर चालकों को रोक दिया।
थेहड़ शिफ्टिंग: मेहनताना नहीं दिया तो वाहन चालकों ने सामान ढ़ोने से किया इनकार
लेनदारों ने थेहड़ शिफ्टिंग का कामकाज रोका
नायब तहसीलदार ने सोमवार को भुगतान करने का दिया आश्वासन