संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव बालासर स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम की बदहाल तस्वीर अब बदलने की उम्मीद जगी है। सांसद कोटे से 8 लाख 40 हजार रुपये की स्वीकृत राशि से खेल परिसर में मुख्य द्वार, गली निर्माण, चहारदीवारी तथा भवन मरम्मत सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। लंबे समय से सुविधाओं के अभाव और जर्जर ढांचे से जूझ रहे इस स्टेडियम के खिलाड़ियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
करीब छह एकड़ क्षेत्र में फैला यह खेल परिसर आसपास के आधा दर्जन गांवों के खिलाड़ियों के लिए प्रमुख केंद्र है। यहां हॉकी, बास्केटबाल, वॉलीबाल और एथलेटिक्स की नियमित तैयारी होती है। वर्तमान में लगभग 50 खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बीच अभ्यास कर रहे हैं। विशेष रूप से लड़कियों की हॉकी टीम कोच चांदनी सेन के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।
सांसद खेल महोत्सव में उठा था मुद्दा : स्टेडियम की दुर्दशा का मुद्दा नवंबर 2025 में आयोजित युवा सांसद खेल महोत्सव के दौरान प्रमुखता से उठा था। इस आयोजन में सांसद सुभाष बराला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने खेल परिसर की मरम्मत, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा खेल उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। खिलाड़ियों की समस्याओं को देखते हुए सांसद ने खेल परिसर के विकास के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।
हालांकि, खेल महोत्सव से पहले परिसर में सीमित स्तर पर रंग-रोगन और साफ-सफाई करवाई गई थी लेकिन स्थायी सुधार नहीं हो पाया। आज भी मुख्य द्वार, चहारदीवारी, इनडोर स्टेडियम, शौचालय, पानी की टंकी, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्टोर रूम और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। कई स्थानों पर भवन क्षतिग्रस्त अवस्था में है जिससे खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।