कालांवाली में नशीली दवाओं को लेकर कार्रवाई करते हुए पुलिस।
सिरसा। पुलिस टीम ने सूचना के आधार आरोपी चिराग गर्ग उर्फ चिंकी निवासी नजदीक आइस फैक्ट्री मंडी कालांवाली के घर से 81,900 प्रतिबंधित गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं। आरोपी वैकल्पिक तौर पर नशे के लिए प्रयोग होने वाली दवाओं को बेचता था।
कालांवाली शहर चौकी प्रभारी एसआई सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने मंडी कालांवाली में एक घर पर छापा मारा तो आरोपी चिराग उर्फ चिंकी के घर से कार्टूनों में 32, 400 कैप्सूल प्रीगैबलिन व 49,500 गोलियां टेपेंटाडोल बरामद की। दोनों दवाएं बिना वैध लाइसेंस व चिकित्सीय परामर्श के रखना गैरकानूनी हैं
इस दौरान ड्रग्स इंस्पेक्टर ने मौके पर अपनी रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई करेंगे। गौरतलब है कि पंजाब के साथ लगते कालांवाली और डबवाली में वैकल्पिक तौर पर नशे के लिए प्रयोग होने वाली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए जा रहे हैं। मेडिकल एक्ट के तहत आरोपियों पर ड्रग्स विभाग कार्रवाई करता है।
एनडीपीएस एक्ट में नहीं आने कारण आरोपियों को कोर्ट से लाभ मिल जाता है और जमानत आरोपी को आसानी से मिल जाती है। यही कारण है कि वैकल्पिक तौर पर नशीली दवाओं का प्रयोग सबसे ज्यादा हो रहा है। हालांकि, इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने भी उच्चाधिकारियों को इन दवाओं को एनडीपीएस एक्ट में लाने की मांग की है।
कार से बरामद कीं थी 72,400 गोलियां व कैप्सूल
हाल ही में सीआईए कालांवाली की टीम ने कार सवार व्यक्ति जोगेंद्र निवासी मंदिर गली, पुरानी मंड, कालांवाली को 72,400 नशीली गोलियों व कैप्सूल के साथ काबू किया था।