डबवाली पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान और तेजधार हथियार, सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे
फोटो - 20
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। डबवाली पुलिस ने चोरी की वारदात में सक्रिय एक महिला गिरोह को गिरफ्तार किया है। थाना शहर डबवाली की गोल बाजार चौकी पुलिस ने मोबाइल टावर से चोरी के मामले में आठ महिलाओं को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और एक तेजधार हथियार बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने बताया कि वार्ड नंबर-2 स्थित बीएसएनएल मोबाइल टावर से पैनल बोर्ड और बिजली की तारें चोरी हुई थीं। घटना के समय पार्षद दीपक कुमार और मोहल्ला निवासियों ने सतर्कता दिखाते हुए मौके पर महिलाओं को पकड़ा। महिलाओं ने विरोध करते हुए हंगामा किया और पार्षद के साथ हाथापाई भी की।
सूचना मिलने पर महिला मुख्य सिपाही किरणपाल कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी महिलाओं को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बीएसएनएल मोबाइल टावर का पैनल बोर्ड, बिजली के तार और एक तेजधार दाती बरामद हुई। शिकायत के आधार पर थाना शहर डबवाली में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि छह गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ पंजाब के लुधियाना, तलवंडी साबो और बठिंडा में चोरी के मामले दर्ज हैं। दो महिलाओं पर डबवाली में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपी महिलाएं पंजाब के बठिंडा क्षेत्र की रहने वाली हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और गिरोह के नेटवर्क का पता लगा रही है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।