संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। कालांवाली क्षेत्र के तारूआना रोड पर सीआईए डबवाली ने एक कार से नशे के तौर पर इस्तेमाल होने वाली 72400 गोलियों व कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जोगेंद्र निवासी मंदिर वाली गली, पुरानी मंडी, कालांवाली के रूप में हुई है।
सीआईए कालांवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक रामस्वरूप की अगुवाई में पुलिस टीम तारूआना रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर रखे कार्टन में भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके पर ड्रग्स कंट्रोल विभाग की टीम को बुलाया। जांच के दौरान 32,400 कैप्सूल और 40,000 गोलियां बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि इन दोनों दवाओं का इस्तेमाल नशे के तौर पर किया जाता है और इन्हें बिना वैध लाइसेंस व डॉक्टर की सलाह के रखना पूरी तरह गैरकानूनी है।
ड्रग्स विभाग ने मौके पर पहुंचकर जब्त दवाओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं कहां से लाई गईं और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।
वहीं, पुलिस विभाग मेडिकल एसोसिएशन और दवा विक्रेताओं से लगातार संपर्क में है और उन्हें बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाएं न बेचने की सख्त हिदायत दी जा रही है। अधिकारी मानते हैं कि कुछ दवाएं एनडीपीएस एक्ट के तहत नहीं आतीं, लेकिन उनका नशे के रूप में दुरुपयोग लगातार बढ़ रहा है।