अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
थेहड़ खाली करवाने का अभियान भी बजट की मार से बच नहीं पाया। थेहड़ से लोगों को हटाकर उन्हें हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में भेजा जा रहा है। खाली करवाई गई जगह पुरातत्व विभाग को सौंपी जानी है। पुरातत्व विभाग द्वारा इस जगह को अपने कब्जे में लेकर इसके पुरातत्व महत्व को आंका जाएगा।
उच्च न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन द्वारा थेहड़ खाली करवाने की मुहिम शुरू की गई थी। पुरातत्व विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रवीण कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला। वे स्वयं थेहड़वासियों के बीच रहें और उनका विश्वास जीतने का काम किया। उन्होंने लोगों की तमाम शंकाओं का समाधान किया और उन्हें स्थायी ठिकाना मिलने पर हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में रहने के लिए जगह मुहैया करवाई। डॉ. प्रवीण कुमार के प्रयासों से अभियान ने गति पकड़ी। बिना किसी विरोध और शांतिपूर्वक अभियान शुरू हुआ। पहले चरण में 46 परिवारों ने थेहड़ खाली कर हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में अपना ठिकाना बनाया। खाली मकानों पर जेसीबी चला दी गई। इसके बाद अन्य को खाली करवाने का सिलसिला शुरू हुआ। एक तरफ डॉ. प्रवीण कुमार की गुजरात चुनाव में ड्यूटी लग गई, दूसरी तरफ थेहड़ खाली करवाने का बजट भी खत्म हो गया, जिसकी वजह से अभियान ठप पड़ गया। बताया जाता है कि अब बजट आ गया है, जिसके तहत पांच लाख रुपये की राशि हासिल हुई है। डॉ. प्रवीण कुमार भी गुजरात से सीधा सिरसा लौट आए है और अब शुक्रवार से थेहड़ पर अभियान शुरू होगा।